गाजीपुर में बिना रजिस्ट्रेशन गंगा पर अवैध नावों का संचालन, क्षमता से अधिक यात्री
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी पर अवैध नावों का संचालन धड़ल्ले से जारी है। जबलपुर हादसे के बावजूद, ददरी घाट और नवापुर साईं मंदिर के पास क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर नौका विहार कराया जा रहा है। इससे किसी भी समय बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है।
इन नावों के पास न तो वैध पंजीकरण है और न ही सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम। यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। इन गंभीर लापरवाहियों के बावजूद, प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस संबंध में गाजीपुर के नवागत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से बात की गई। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि अवैध रूप से संचालित नावों का जल्द पंजीकरण कराया जाएगा। साथ ही, उन्हें केवल निर्धारित मानकों और सुरक्षा नियमों का पालन करने पर ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात कही है। अब देखना होगा कि प्रशासन की यह घोषणा कब तक धरातल पर उतरती है और इन अवैध नावों पर लगाम लग पाती है।
