Today Breaking News

गाजीपुर में अनियंत्रित ट्रक ने गुमटी में टक्कर मारते हुए पलटा, कई घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले केभदौरा-दिलदारनगर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह लगभग 10 बजे रक्सहां गांव में एक सड़क हादसा हुआ। दिलदारनगर से भदौरा की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पान की गुमटी से टकराकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक सहित पान खा रहे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चश्मदीदों अरमान खान और नौशाद खान ने बताया कि ट्रक की गति बहुत तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। टक्कर से पान की गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और भारी नुकसान हुआ।

हादसे के बाद गुमटी पर मौजूद चार लोग ट्रक के नीचे दब गए। संयोगवश, उसी समय वहां से गुजर रही एक जेसीबी मशीन की मदद से ट्रक को तुरंत उठाया गया और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल, घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।

दुर्घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, ट्रक से शराब की दो बोतलें मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चालक नशे में था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घायलों की पहचान के प्रयास भी कर रही है।