गाजीपुर में कार ने बाइक को टक्कर मारी, आग लगी, दो युवक गंभीर घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा बस स्टैंड के पास मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगी। बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सायर गांव निवासी राम अवध चौधरी (22) पुत्र राम प्रवेश चौधरी अपने रिश्तेदार पवन चौधरी (23) पुत्र अमरनाथ चौधरी (निवासी रसड़ा, बलिया) के साथ मां कामाख्या धाम से दर्शन कर गाजीपुर की ओर जा रहे थे। शाम को भदौरा बस स्टैंड स्थित सिनेमा हॉल के पास पहुंचते ही गाजीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मोटरसाइकिल में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरी बाइक जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बालू और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहां उनका प्राथमिक इलाज किया जा रहा है। हादसे के बाद कार चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गहमर कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
