Today Breaking News

गाजीपुर में हत्या, लूट, डकैती समेत गंभीर मामलों में वांछित 12 अपराधियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने गाजीपुर जिले के 12 फरार अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन अपराधियों पर हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और संगठित अपराध जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। इस घोषणा के बाद जिले में अपराध की स्थिति और पूर्वांचल में गैंग आधारित अपराधों की चुनौती पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इनामी अपराधियों का नेटवर्क गाजीपुर के कोतवाली, भुड़कुड़ा, बिरनों, गहमर, नंदगंज और करंडा थाना क्षेत्रों तक फैला हुआ है। इनमें बिरनों और नंदगंज थाना क्षेत्रों से सर्वाधिक दो-दो अपराधी शामिल हैं। कुछ आरोपी बिहार और आजमगढ़ के निवासी भी बताए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ गाजीपुर में गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का मानना है कि ये अपराधी स्थानीय नेटवर्क और गिरोहों के सहारे लंबे समय से फरार हैं। इनामी सूची में कोट किला कोहना निवासी बबलू पटवा, रामपुर बलभद्र निवासी वीरेंद्र राम, नसरतपुर निवासी अंकुर यादव, मनिया निवासी सोनू मुसहर, अलीपुर बनगावा निवासी वीरेंद्र दूबे उर्फ भुट्टन, भडसर निवासी भोला राजभर, चाडींपुर निवासी छोटेलाल और धौरे निवासी इंदल चौहान सहित कुल 12 अपराधियों के नाम शामिल हैं। इन सभी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस को आशंका है कि इनमें से कई आरोपी संगठित गिरोहों के माध्यम से वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।

गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि अधिकांश अपराधी लंबे समय से फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन 12 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी अब सर्वोच्च प्राथमिकता है और जल्द ही एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा।