गाजीपुर में टोटो-बाइक की टक्कर, होमगार्ड घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के मरदह में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर एक टोटो और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड सुभाष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर किया गया है।
यह घटना मरदह विद्युत सबस्टेशन के पास हुई। होमगार्ड सुभाष सिंह, जो असना थाना कासिमाबाद के निवासी हैं, अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सामने से मऊ की तरफ आ रहे एक टोटो से उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुभाष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मरदह सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उन्हें गाजीपुर जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
दुर्घटना में टोटो भी क्षतिग्रस्त हो गया। टोटो चालक अभिषेक कुमार, जो पारा कहोतरी के निवासी हैं, को हल्की चोटें आई हैं। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी।
