गाजीपुर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले पकड़े गए; 2,130 लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। 19 से 21 जून 2026 तक चले इस तीन दिवसीय अभियान में जिलेभर से कुल 2,130 लोगों को पकड़ा गया।
इनमें से 1,460 लोगों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 292 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई, जबकि 670 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। यह अभियान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया था। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर नगर, भुड़कुड़ा और सैदपुर सर्किल में सघन चेकिंग की गई। नगर सर्किल के कोतवाली, करंडा, जंगीपुर और रामपुर मांझा थाना क्षेत्रों में 298 लोग पकड़े गए, जिनमें 89 पर कार्रवाई हुई और 209 को चेतावनी दी गई। भुड़कुड़ा सर्किल के भुड़कुड़ा, शादियाबाद, नंदगंज और दुल्लहपुर क्षेत्रों में 385 लोगों को पकड़ा गया, जिनमें 182 पर कार्रवाई की गई और 203 को चेतावनी देकर छोड़ा गया। वहीं, सैदपुर सर्किल में सैदपुर, सादात, खानपुर और बहरियाबाद थाना क्षेत्रों से 175 लोग पकड़े गए और इन सभी 175 के खिलाफ सीधे कार्रवाई की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। कासिमाबाद सर्किल के कासिमाबाद, नोनहरा, मरदह और बिरनो थाना क्षेत्रों में 100 लोगों को पकड़ा गया। यहां 203 लोगों पर (पुराने मामलों सहित) कार्रवाई दर्ज की गई और 127 लोगों को चेतावनी दी गई। मुहम्मदाबाद सर्किल के मुहम्मदाबाद, भंवरकोल, करीमुद्दीनपुर और बरेसर क्षेत्रों में 344 लोग पकड़े गए, जिनमें 130 पर कार्रवाई हुई और 223 लोगों को चेतावनी दी गई।
इस अभियान के दौरान जमानिया सर्किल में सबसे अधिक कार्रवाई हुई। जमानिया, दिलदारनगर, गहमर, सुहवल, रेवतीपुर और नगसर हाल्ट थाना क्षेत्रों में कुल 756 लोग पकड़े गए। इनमें से 536 लोगों के खिलाफ चालान किया गया और 220 लोगों को चेतावनी दी गई। गाजीपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क, पार्क, चौराहों या वाहनों में शराब पीना कानूनन अपराध है। सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने और महिला सुरक्षा में बाधा बनने वाले लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

