गाजीपुर में फंदे से लटकी मिला विवाहिता, पति समेत 7 पर केस
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रानीपुर मौजा में फखनपुरा निवासी मकसूद खां उर्फ बाबर की पत्नी शबा परवीन (27) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर शबा परवीन अपने कमरे में थीं। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ा गया, जहां उनका शव फंदे से लटका मिला। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है।
वहीं, मृतका की मां अकबरी बेगम, जो दिलदारनगर थाना क्षेत्र के चिउटहां की निवासी हैं, ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब सात साल पहले मकसूद उर्फ बाबर से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। अकबरी बेगम का आरोप है कि 10 जून को भी शबा के साथ मारपीट की गई थी और 12 जून को उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी श्याम सिंह और प्रभारी थानाध्यक्ष मोरध्वज दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी थानाध्यक्ष मोरध्वज दुबे ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, तीन देवर और एक ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे दो पुत्र आदिल (6 वर्ष) और आतिफ (3 वर्ष) छोड़ गई हैं।
