Today Breaking News

गाजीपुर जिले के बिरनो थाने में नए भवन का एसपी ने किया शिलान्यास, पुलिसकर्मियों को मिलेगी सुविधा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के थाना बिरनो परिसर में शनिवार (13 जून 2026) को नए प्रशासनिक एवं आवासीय भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नए भवन के निर्माण का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराना तथा आमजन की जनसुनवाई के लिए आधुनिक एवं सुविधायुक्त वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि थाना बिरनो में बनने वाला यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य करने में सुविधा मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि थाना परिसर में आने वाले फरियादियों, विशेष रूप से महिलाओं के बैठने एवं उनकी समस्याओं के समाधान हेतु बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नया भवन पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, थाना प्रभारी बिरनो, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने नए भवन के सफल एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण की कामना की।