Today Breaking News

500 और 100 रुपए के जाली नोट के साथ 3 गिरफ्तार, 13.95 लाख की नकली करेंसी बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली करेंसी बदलने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 13.95 लाख रुपए के 500 और 100 रुपए के जाली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
डीसीपी नार्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया सोमवार को पुलिस प्रधान मैरिज लॉन चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि घैला पुल के पहले दाहिनी ओर खाली मैदान में बने टीन शेड के पास 3 युवक नकली नोटों के साथ किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र के गंभीरवन निवासी आलोक सिंह (21), मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मुबारक पट्टी वनकट निवासी सोनू गोंड उर्फ गोलू (25) और सिधारी थाना क्षेत्र के सारगढ़ निवासी वृजेश विश्वकर्मा (35) के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 500 रुपए के 1402 और 100 रुपए के 6946 जाली नोट बरामद हुए। कुल 13 लाख 95 हजार 600 नकली करेंसी बरामद हुई। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

आरोपी आलोक सिंह और ब्रजेश बैंक में लोन दिलवाने का काम करते थे। सोनू चाय की दुकान चलाता था। पूछताछ में सामने आया तीनों आजमगढ़ के रहने वाले मंजीत नाम के व्यक्ति से नकली नोट लेते थे। जिसे अलग-अलग जगह पर खपाते थे।

एक लाख के बदले 3 लाख नकली करेंसी देते थे। आरोपी लखनऊ में करेंसी किसको देने आए थे, पुलिस इसकी जांच कर रही है। आरोपी अब तक कितनी नकली करेंसी बाजार में खपा चुके हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपियों के पास से बरामद नोटों के पेपर क्वालिटी में काफी अंतर है, हालांकि इसको कोई एक्सपर्ट ही पकड़ पाएगा। आम आदमी इसे असली नोट समझकर इस्तेमाल करता है। इसके ऊपर लगने वाली मैटेलिक पट्टी भी अलग से उभरी हुई दिखती है। पुलिस अब इसको फॉरेंसिक जांच के लिए भेजेगी।