Today Breaking News

गाजीपुर में विनीत राय हत्याकांड के आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय हत्याकांड के चार नामजद आरोपियों के घरों पर जिला प्रशासन ने नोटिस चस्पा किए हैं। जांच में इन मकानों का स्वीकृत नक्शा नहीं पाया गया, जिसके बाद विनियमित क्षेत्र (आरबीओ एक्ट) के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
जिन आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं, उनमें कमलेश चौधरी, शंकर पांडे, सोनू यादव और आलोक दुबे शामिल हैं। इन सभी पर भवन निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में विनियमित क्षेत्र में भवन निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया गया है, जिसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीएम शुक्ला ने यह भी चेतावनी दी कि अपराध को जातीय रंग देने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी अपराधी की कोई जाति नहीं होती और कानून की नजर में सभी अपराधियों के साथ समान व्यवहार किया जाता है। प्रशासन ने ऐसे किसी भी व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की बात कही है, जो जातिगत तनाव या संघर्ष पैदा करने का प्रयास करेगा।

जिलाधिकारी ने आरबीओ एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि विनियमित क्षेत्र में किसी भी भवन के निर्माण से पहले संबंधित अधिकारी से नक्शा स्वीकृत कराना अनिवार्य है। गाजीपुर में एसडीएम सदर इस क्षेत्र के लिए नामित अधिकारी हैं।

गौरतलब है कि 29 मई की रात होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिनके विरुद्ध अब पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है।