गाजीपुर में गंगा स्नान के दौरान व्यक्ति की डूबने से मौत, 4 घंटे बाद मिला शव
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र स्थित नरवा गंगा घाट पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान 42 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गहमर गांव के चकवा निवासी कृष्णा चौधरी पुत्र अमर चौधरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा चौधरी रविवार सुबह करीब आठ बजे गंगा स्नान के लिए नरवा घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गहमर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। करीब चार घंटे तक चले खोज अभियान के बाद दोपहर लगभग 12 बजे युवक का शव गंगा नदी से बरामद कर लिया गया।
शव बाहर निकलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गहमर कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्नान के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की मांग की है।
