Today Breaking News

गाजीपुर में 1.65 करोड़ की हेरोइन बरामद, तस्कर गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वांछित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। गहमर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में आरोपी उपेंद्र राय के पास से 240 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस को 16 जून 2026 को उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह चंदेल और उनकी टीम के क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया कि वांछित तस्कर गहमर सायर नहर पुलिया के पास मौजूद है।

इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से आरोपी उपेंद्र राय को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 240 ग्राम हेरोइन मिली। गिरफ्तार आरोपी उपेंद्र राय बिहार के भोजपुर जिले के बोहरमपुर गांव का निवासी है और उसकी उम्र 34 वर्ष है।

इस बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में गहमर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 27A और 29 के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और इस तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।