गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़ में पॉक्सो आरोपी घायल, गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में पुलिस और पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी संतोष यादव के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी संतोष यादव घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को करहर बुजुर्ग तिराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी संतोष यादव इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव की टीम ने घेराबंदी की। पुलिस टीम द्वारा पकड़े जाने की कोशिश करने पर आरोपी ने उन पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संतोष यादव के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल और 750 रुपये नकद बरामद किए हैं। इन बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने 'यक्ष ऐप' की भी मदद ली। अधिकारियों ने घटना स्थल के आसपास रहने वाले और पहले जेल जा चुके अपराधियों की सूची तैयार कर गहन जांच की, जिससे आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, संतोष यादव पर पहले भी लूट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपी संतोष यादव से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
