Today Breaking News

गाजीपुर में मासूम समेत मां-चाची को बस ने रौंदा, मौत; शव पॉलीथीन में ले गए

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बस ने एक ही परिवार के 3 लोगों को कुचल दिया। हादसे में देवरानी, जेठानी और 4 महीने की मासूम की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने टर्न लेते समय बाइक को टक्कर मार दी। बस का पहिया दोनों महिलाओं और बच्ची के ऊपर से गुजर गया। बाइक चला रहे प्रतीक गिरी और उसकी डेढ़ साल की बेटी श्रेया बाल-बाल बच गए।
हादसा इतना भीषण था कि रोड पर मांस के लोथड़े और चूड़ियों के टुकड़े बिखर गए। चारों तरफ खून ही खून फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोथड़े बटोरे। मासूम के शव को पॉलीथिन में भरा और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घायलों को अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने बताया कि प्रतीक (25), पत्नी काजल गिरी (20), बड़ी बेटी श्रेया (डेढ़ साल), छोटी बेटी सेजल (चार महीने) और भाभी रितु गिरी (22) के साथ अपनी ससुराल आजमगढ़ से वापस घर मिर्जापुर आ रहा था। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। बाइक पर 2 बैग भी टंगे हुए थे।

पुलिस ने बस को कब्जे में लेने के साथ ड्राइवर को अरेस्ट कर लिया है। घटना जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर सैदपुर नगर से बहरियाबाद हाईवे पर सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के शरीफपुर अंडरपास के पास की है।

मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी प्रतीक गिरी की सास बीमार थीं। बनारस में उनका इलाज चल रहा था। सास को डिस्चार्ज कराने के बाद प्रतीक उन्हें शनिवार को आजमगढ़ के नगवां मठिया गांव स्थित ससुराल पहुंचाने गए थे।

ससुराल में पहले से ही प्रतीक की पत्नी काजल गिरी (20), चार माह की छोटी बेटी सेजल, डेढ़ साल की बड़ी बेटी श्रेया और भाभी रितु गिरी (22) पत्नी पंकज गिरी मौजूद थे। काजल और रितु सगी बहनें थीं। शनिवार सुबह पंकज सभी चारों लोगों को लेकर ससुराल में ही खड़ी अपनी बाइक से वापस घर मिर्जापुर लौटने के लिए निकले थे।

ससुराल से 60 किलोमीटर दूर सैदपुर नगर से बहरियाबाद हाइवे पर वह सुबह करीब 10 बजे पहुंचे थे कि तभी सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास से टर्न लेते समय पीछे से एक प्राइवेट बस ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही प्रतीक और बाइक की टंकी पर बैठी बड़ी बेटी श्रेया छिटक कर दूर जा गिरी। पत्नी काजल, छोटी बेटी सेजल और भाभी रितु बस के अगले पहिए के नीचे आ गए। बस का पहिया तीनों के ऊपर से गुजर गया। तीनों बुरी तरह कुचल गए।

हादसे के बाद बस चालक भागने लगा तो राहगीरों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर सैदपुर कोतवाली प्रभारी राजेश त्रिपाठी पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रतीक और उसकी बेटी श्रेया को सीएचसी सैदपुर पहुंचाया। जहां से प्रतीक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रतीक का हाथ टूट गया है। छाती पर भी गंभीर चोट है। श्रेया को डिस्चार्ज कर परिजन को सौंप दिया गया। हादसे से डरी हुई डेढ़ साल की श्रेया लगातार रोए जा रही थी। परिजन के न पहुंचने तक सैदपुर थाने की महिला सिपाहियों ने श्रेया को गोद में लेकर बहलाया और किसी तरह से चुप कराया।

घटना की सूचना पर प्रतीक के पिता कुंदन गिरी और साला पंकज अस्पताल पहुंचे। बहू औरे पोती की मौत की खबर से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वो बार-बार बेसुध हो जा रहे हैं।

सैदपुर कोतवाली प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया- बस की टक्कर से बाइक पर सवार एक ही परिवार के 5 लोगों में से 3 की मौत हो गई है। जिनमें बाइक सवार की पत्नी-बेटी और उसकी बेटी शामिल हैं। बाइक सवार भी गंभीर घायल है। बस गाजीपुर के मोहम्मदाबाद से वाराणसी जा रही थी। बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बस को कब्जे में लिया गया है। बस के मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।