Today Breaking News

Ghazipur News: अंडर-18 एशिया कप जीतने पर हॉकी खिलाड़ियों का गाजीपुर एसपी इराज राजा ने किया अभिनंदन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप जीतकर देश और जिले का नाम रोशन करने वाले हॉकी खिलाड़ी रोमित पाल और प्रहलाद राजभर का गुरुवार को सम्मान किया गया। यह सम्मान समारोह सरयू पांडेय पार्क में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, युवा और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक इराज राजा ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया।
भारतीय टीम ने अंडर-18 एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीम ने पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराया और फिर फाइनल में मेजबान जापान को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत में गाजीपुर के खिलाड़ियों रोमित पाल और प्रहलाद राजभर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं। यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। करमपुर मेघबरन सिंह स्टेडियम के संयोजक एवं पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय और वरिष्ठ अधिवक्ता रणजीत सिंह सहित कई प्रमुख व्यक्ति मौजूद थे।


स्टेडियम के संचालक अनिकेत सिंह ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी मेहनत और संकल्प से सफलताएं प्राप्त कर रहे हैं। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों और खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।