गाजीपुर में एनडीआरएफ-प्रशासन ने गंगा नदी पर किया संयुक्त अभ्यास, बाढ़ से निपटने की तैयारी परखी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में एनडीआरएफ और जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के लिए संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया। यह अभ्यास गंगा नदी के पोस्ताघाट पर किया गया। इसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और राहत कार्यों की तैयारियों का मूल्यांकन करना था।
इस कार्यक्रम में सदर एसडीएम रवीश कुमार गुप्ता, एनडीआरएफ वाराणसी के डिप्टी कमांडेंट राम भुवन सहित प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग की टीमों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल के दौरान नाव पलटने, नावों की आपसी टक्कर, बाढ़ में लोगों के फंसने तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों का वास्तविक प्रदर्शन किया गया।
एनडीआरएफ के जवानों ने अत्याधुनिक बचाव उपकरणों की मदद से राहत एवं रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इस दौरान आम लोगों को भी बाढ़ के समय सतर्क रहने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
एसडीएम रवीश कुमार गुप्ता ने बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ राहत कार्यों में तेजी लाना, बचाव कार्यों की दक्षता बढ़ाना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट ने कहा कि गाजीपुर के गंगा घाटों और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ऐसे अभ्यास कराए जा रहे हैं, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में समयबद्ध और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।
