गाजीपुर के दो खिलाड़ियों ने एशिया कप में जीता गोल्ड, आज होगा सम्मान समारोह
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दो हॉकी खिलाड़ियों, रोमित पाल और प्रह्लाद राजभर, को अंडर-18 एशिया कप 2026 में स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह 11 जून 2026 को दोपहर 3:00 बजे सरजू पांडे पार्क, गाजीपुर में आयोजित होगा।
रोमित पाल और प्रह्लाद राजभर भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम के सदस्य थे, जिसने एशिया कप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। ये दोनों खिलाड़ी सैदपुर के करमपुर स्थित मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम के खिलाड़ी रहे हैं।
इन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और समर्पण से गाजीपुर, उत्तर प्रदेश और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के सम्मान में यह विशेष आयोजन किया जा रहा है।
समारोह में जिलाधिकारी गाजीपुर श्री अनुपम शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईराज राजा विशिष्ट अतिथि होंगे।
इस अवसर पर जनपद के गौरवशाली खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया जाएगा और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया जाएगा।
