Today Breaking News

गाजीपुर में फरक्का एक्सप्रेस से 23 किलो भांग बरामद, जब्त कर कार्रवाई शुरू की

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में रेलवे पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिलदारनगर जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है। अपराध नियंत्रण एवं यात्रियों की सुरक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के दौरान गहमर रेलवे स्टेशन पर 23 किलोग्राम भांग बरामद की गई।

दिलदारनगर जीआरपी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल अपनी टीम के साथ स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों एवं सामानों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 15743 अप फरक्का एक्सप्रेस के जनरल कोच के शौचालय के पास एक सफेद-हरे रंग की प्लास्टिक की बोरी संदिग्ध अवस्था में पड़ी मिली। पुलिस टीम ने यात्रियों से बोरी के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बोरी की तलाशी ली गई, जिसमें 23 किलोग्राम भांग बरामद हुई। बरामद भांग की अनुमानित कीमत करीब 11,500 रुपये बताई गई है।

बरामदगी के बाद पुलिस ने उसके स्वामी की तलाश की, लेकिन कोई व्यक्ति सामने नहीं आया। इसके बाद जीआरपी ने बरामद भांग को चौकी दिलदारनगर लाकर लावारिस संपत्ति के रूप में दाखिल कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस अभियान में हेड कांस्टेबल प्रीतम कुमार एवं हेड कांस्टेबल जय नारायण सिंह भी शामिल रहे। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।