गाजीपुर में आंधी से रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़, मऊ-औड़ीहार खंड पर रेल संचालन बाधित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में मऊ-औड़ीहार रेलवे खंड पर मंगलवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया। दुल्लहपुर और जखनिया रेलवे स्टेशनों के बीच समपार संख्या 13 स्पेशल (अमारी फाटक) पर एक विशाल आम का पेड़ उखड़कर सीधे रेलवे ट्रैक पर गिर गया। इस घटना से ओएचई (OHE) तार भी टूट गए, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया।
पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। तत्काल इंजीनियरिंग विभाग और टीआरडी (TRD) विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ की डालियों को काटकर ट्रैक से हटाया। साथ ही, क्षतिग्रस्त ओएचई तारों की मरम्मत का कार्य भी शुरू किया गया। लगभग तीन घंटे के निरंतर प्रयास के बाद रात करीब 1:00 बजे रेल सेवा बहाल हो सकी।
इस हादसे का सबसे अधिक असर वाराणसी से छपरा जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पड़ा। मार्ग बाधित होने के कारण ट्रेन को सादात रेलवे स्टेशन पर करीब दो घंटे तक रोकना पड़ा। रात के समय बीच रास्ते में ट्रेन रुकने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार रात तेज आंधी और बारिश के कारण अमारी फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर आम का पेड़ गिर गया था। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। इंजीनियरिंग और टीआरडी विभाग की तत्परता से रात लगभग 1:00 बजे रेल यातायात को सुचारू कर दिया गया।
