Today Breaking News

गाजीपुर में दहेज के लिए नवविवाहिता को घर से निकाला, पति समेत आठ पर केस

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां में बुधवार को दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। एक नवविवाहिता ने अपने पति सहित आठ ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गोपालपुर निवासी 25 वर्षीय निधि पासवान की शादी 17 मई 2025 को बेटावर निवासी विजय कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर निधि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। निधि के मायके वालों ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

निधि ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार को पति, सास, ससुर और अन्य परिजनों ने दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसके आभूषण भी छीन लिए और उसे घर से बाहर निकाल दिया।

पीड़िता किसी तरह अपने मायके गोपालपुर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद, परिजनों के साथ थाने पहुंचकर उसने आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति विजय कुमार, ससुर चंद्रमा, सास चिंता, राजेश, गुलशन, रमेश, लालबाबू और प्रियंका के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, सभी आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।