Today Breaking News

गाजीपुर में होटल एसोसिएशन ने एसपी से जताया आभार, आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड के एक आरोपी शूटर कमलेश बिंद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद सोमवार को होटल एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की कार्रवाई पर आभार व्यक्त करते हुए शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और होटल व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
एसोसिएशन के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से होटल व्यवसायियों में भय का माहौल है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की।

इस दौरान एसपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उनके खिलाफ जल्द ही कठोर कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने जानकारी दी कि होटल व्यवसायी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की बदमाशों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडे और उसके सहयोगी कमलेश बिंद सहित अन्य लोगों को नामजद किया गया है।

उन्होंने बताया कि एक लाख रुपये का इनामी अपराधी कमलेश बिंद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार काम कर रही हैं। एसपी ने आगे कहा कि अपराधियों को चिन्हित कर बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

आज होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों ने एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कमलेश बिंद के विरुद्ध हुई कार्रवाई पर आभार व्यक्त किया है तथा अपनी सुरक्षा को लेकर मांग रखी है। पुलिस उनकी सुरक्षा संबंधी मांगों पर गंभीरता से कार्य करेगी।

उल्लेखनीय है कि होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक राय के पुत्र विनीत राय की 29 मई की रात होटल के मुख्य गेट पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने घटना के पीछे एक करोड़ रुपये की रंगदारी न देने को कारण बताया था। इस मामले के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।