Today Breaking News

गाजीपुर में यात्रियों की सुरक्षा के लिए GRP का अभियान, ट्रेनों और स्टेशनों पर संदिग्धों की होगी जांच

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. प्रयागराज रेलवे पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य स्टेशनों और विभिन्न ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखना है।
गाजीपुर के दिलदारनगर में जीआरपी प्रभारी अश्वनी पटेल के नेतृत्व में जवानों की एक टीम ने अप और डाउन दिशा में चलने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस अभियान के तहत, कुछ पुलिसकर्मी वर्दी में जबकि कुछ सादे कपड़ों में ट्रेनों में यात्रा कर रहे हैं। वे यात्रियों को सुरक्षा का एहसास कराने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं।

टीमें प्रतिदिन ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगी। इस दौरान चोरी, लूट, छेड़छाड़ और नशीला पदार्थ खिलाकर वारदात करने वाले गिरोहों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे पुलिस के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक जीआरपी थाने से विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो प्रतिदिन अलग-अलग ट्रेनों में कम से कम दो घंटे तक यात्रा कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगी।