गाजीपुर में जर्जर पीपा पुल पर कार पलटी, लोगों में PWD के खिलाफ आक्रोश
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के बारा स्थित पीपा पुल पर सोमवार को एक वैगनआर कार पलट गई। इस हादसे में बड़ा नुकसान होने से टल गया, हालांकि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद भी छोटे और दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर पुल पार करते देखे गए।
यह बारा पीपा पुल नेशनल हाईवे 124-सी और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जोड़ता है। बारा गांव निवासी इबरार खान अपनी पत्नी हुस्नआरा खातून के साथ हज यात्रा पूरी कर मक्का-मदीना से लौटे थे। सोमवार को इबरार खान, उनकी पत्नी हुस्नआरा खातून, पुत्र इजहार खान और बहू आफरीन खातून लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते अपने गांव बारा जा रहे थे। बारा स्थित पीपा पुल पर लोहे की प्लेटें तितर-बितर होने के कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे गंगा में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। लोगों ने बताया कि पुल की हालत बेहद जर्जर है।
ग्रामीणों के अनुसार, पुल की जर्जर स्थिति के कारण वाहनों के टायर, चैंबर और टंकियां फटने जैसी समस्याएं आम हैं। इसके अलावा, वाहनों के पलटने की घटनाएं भी अक्सर होती रहती हैं।
लंबी दूरी को कम करने के लिए चारपहिया वाहन चालक इसी पुल का सहारा लेते हैं, लेकिन कम दूरी के चक्कर में उन्हें अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं की गई, तो भविष्य में बड़े जान-माल के नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता।
चौकी प्रभारी बारा राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने पुष्टि की कि घटना में सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
