गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरगंज स्थित ग्राम सभा बांका के लमुही मौजे में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। युवक ताड़ के पेड़ से ताड़ी उतारने गया था, तभी वह बिजली की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, लमुही निवासी 22 वर्षीय सूरज साहनी पुत्र राज बहादुर अपने दैनिक कार्य के तहत ताड़ के पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई।
बताया जाता है कि इसी बीच ताड़ के पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में सूरज साहनी आ गया। बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और पेड़ से नीचे गिर गया।
घटना देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को उपचार के लिए एक नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल छा गया।
घटना की सूचना पर पुलिस चौकी इंचार्ज पुष्पेश चंद दुबे और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। ग्रामीणों ने बताया कि सूरज साहनी मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था, जो अपने परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। देर शाम मृतक का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
