Today Breaking News

गाजीपुर की प्रियंका बनीं प्रोबेशनरी ऑफिसर, ग्रामीण बोले- बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मेदनीपुर गांव की बेटी प्रियंका सिंह ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (आरआरबी) की प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर गांव और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शनिवार को गांव पहुंचने पर ग्रामीणों, परिजनों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर सम्मानित किया।
ग्रामीणों ने कहा कि प्रियंका ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। लोगों ने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर परिवार, गांव और जिले का गौरव बढ़ाएंगी।

प्रियंका सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवारजनों और मित्रों को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण जरूरी है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।

प्रियंका के बड़े पिता धर्मेंद्र सिंह ‘मटरू’ ने बताया कि जब प्रियंका केवल दो वर्ष की थीं, तभी उनके पिता रत्नेश सिंह का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी माता उर्मिला सिंह ने कठिन परिस्थितियों में भी बेटी की शिक्षा और भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया। संघर्ष और त्याग के बल पर उन्होंने प्रियंका को इस मुकाम तक पहुंचाया, जो समाज के लिए प्रेरणादायक मिसाल है।

उन्होंने बताया कि प्रियंका बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई। इसके बाद उन्होंने गाजीपुर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई उत्कृष्ट अंकों के साथ पूरी की। आगे चलकर उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीकॉम की डिग्री प्राप्त की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गईं।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रियंका की सफलता यह साबित करती है कि मजबूत इरादों और स्पष्ट लक्ष्य के साथ किसी भी कठिनाई को पार किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा हुआ है।