Today Breaking News

गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में 10 नए डायलिसिस बेड शुरू, वेटिंग खत्म

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में किडनी मरीजों को बड़ी राहत मिली है। यहां डायलिसिस यूनिट में 10 नए बेड का उद्घाटन राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. आनंद मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.एन. चौधरी सहित कई अधिकारी व चिकित्सक उपस्थित रहे।
इस मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस यूनिट की शुरुआत जुलाई 2022 में 10 बेड के साथ हुई थी। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बाद में सीएसआर के माध्यम से 5 अतिरिक्त बेड जोड़े गए, जिससे कुल क्षमता 15 बेड हो गई थी। हालांकि, लगातार बढ़ते मरीजों के कारण लंबी वेटिंग लिस्ट बन रही थी और कई रोगियों को डायलिसिस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था।

प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. आनंद मिश्रा के प्रयासों के बाद शासन से 10 और बेड की स्वीकृति मिली। अब डायलिसिस बेड की कुल संख्या 15 से बढ़कर 25 हो गई है। पहले प्रतिदिन लगभग 45 मरीजों का डायलिसिस हो पाता था, जो अब बढ़कर करीब 75 मरीज प्रतिदिन हो सकेगा।

उद्घाटन के बाद राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि इन नए बेड से वेटिंग लिस्ट लगभग समाप्त हो जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अब मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल पाएगा।