Today Breaking News

गाजीपुर में विवाहिता और दो साल की बेटी लापता, पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के अरंगी गांव से एक विवाहिता और उसकी दो वर्षीय बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। विवाहिता के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बेटी और नातिन के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के नागपुर गांव निवासी वीर प्रकाश राम ने दिलदारनगर थाना पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उन्होंने अपनी बेटी लिशा प्रकाश उर्फ बिंदु की शादी अरंगी गांव निवासी जितेंद्र कुमार के साथ की थी।

वीर प्रकाश राम का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी से एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

पीड़ित पिता के अनुसार, 16 जून की रात उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। अगले दिन ससुराल पक्ष के लोगों ने सूचना दी कि लिशा घर से गायब हो गई है। मायके वालों ने रिश्तेदारों के पास तलाश की, लेकिन विवाहिता और उसकी दो वर्षीय बेटी का कोई पता नहीं चल सका।

इस संबंध में थाना निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर रही है और दोनों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।