गाजीपुर में सावन, कांवड़ यात्रा और मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्ट्रेट में बैठक
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में आगामी सावन, कांवड़ यात्रा और मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति बनाना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लिया जाए ताकि किसी भी विवाद को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील मार्गों को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में विभाजित कर पिकेटिंग और लगातार गश्त बढ़ाने का आदेश दिया गया, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे। जिलाधिकारी ने मोहर्रम को लेकर विशेष निर्देश दिए। सभी ताजियों की ऊंचाई 10 फीट से कम रखने को कहा गया।
अधिकारियों को ताजिया रूट का निरीक्षण करने और पिछले वर्षों के विवादित स्थलों की गहन समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट और दंगा नियंत्रण उपकरण साथ रखने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस वाहनों के लाउड हेलर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आमजन से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करने को भी कहा गया।
