Today Breaking News

गाजीपुर में मोबाइल चोर को पकड़कर पेड़ पर लटकाया, पुलिस ने दबोचा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के साइतबांध बनवासी बस्ती में बुधवार को ग्रामीणों ने एक शातिर मोबाइल चोर को चोरी के मोबाइल फोन के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पकड़े गए युवक की पहचान पटकनियां निवासी बृजेश कुमार राम के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन दिन पहले उसने बस्ती के एक घर में घुसकर एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। घटना के बाद ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे।

ग्रामीणों ने बताया कि चोरी के बाद आरोपी मोबाइल में मौजूद महिलाओं के नंबरों पर फोन कर अशोभनीय बातें करता था और कोर्ट मैरिज का झांसा देता था। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने उसे मिलने के बहाने बुलाया। निर्धारित स्थान पर पहुंचते ही महिलाओं और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।

आक्रोशित ग्रामीण आरोपी को बस्ती के पास स्थित एक बगीचे में ले गए और आम के पेड़ की टहनियों से उसके हाथ पीछे बांध दिए। इस दौरान आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगता रहा और पुलिस को न सौंपने की गुहार लगाता रहा।

सूचना मिलने पर डायल-112 और थाना पुलिस की टीम उपनिरीक्षक बृजभूषण दूबे के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया।

बनवासी समाज के जिला मंत्री राजू बनवासी ने बताया कि चोरी की घटना के बाद से ग्रामीण मोबाइल और आरोपी की तलाश में लगे हुए थे। महिलाओं की सूझबूझ से आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।

वहीं, उपनिरीक्षक बृजभूषण दूबे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।