गाजीपुर में दो नाबालिग बच्चियां मिलीं, मां की डांट से थी नाराज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के औड़िहार रेलवे स्टेशन पर 16 जून 2026 को दो नाबालिग बच्चियां रोती हुई और सहमी हुई हालत में मिलीं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सह उप निरीक्षक राकेश कुमार सिंह और कांस्टेबल प्रमोद कुमार दुबे ने उन्हें स्टेशन गश्त के दौरान देखा।
यह घटना सुबह करीब 9:05 बजे हुई, जब RPF कर्मी प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ट्रेन संख्या 12562 की चेकिंग के बाद लौट रहे थे। बच्चियां प्लेटफॉर्म के पूर्वी छोर पर एक बरगद के पेड़ के पास मिलीं। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान सुप्रिया (उम्र लगभग 10 वर्ष, पुत्री शिवाजी) और सरस्वती (उम्र लगभग 9 वर्ष, पुत्री रामसरन) के रूप में बताई। दोनों बलिया जिले के कठबनवा, थाना कोतवाली की निवासी हैं।
बच्चियों ने बताया कि वे अपनी मां की डांट और मारपीट से परेशान होकर घर छोड़कर आ गई थीं।
इसके बाद, RPF कांस्टेबल उन्हें रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के रोजनामचा कक्ष में लाए और महिला कांस्टेबल साधना सिंह की देखरेख में बैठाया गया। तुरंत चाइल्डलाइन गाजीपुर को घटना की सूचना दी गई।
सुबह 11:00 बजे चाइल्डलाइन गाजीपुर के प्रतिनिधि गौरव कुमार वर्मा पोस्ट पर पहुंचे। सह उप निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने रोजनामचा लेखक कांस्टेबल साधना सिंह के माध्यम से प्रभारी निरीक्षक को सूचित किया और सुपुर्दगी नामा तैयार कराया। 11:15 बजे, औड़िहार के ड्यूटीरत स्टेशन मास्टर की उपस्थिति में, दोनों बच्चियों को ठीक-ठाक हालत में चाइल्डलाइन प्रतिनिधि गौरव कुमार वर्मा को सौंप दिया गया।
