Today Breaking News

गाजीपुर में विनीत राय हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, 3 इनामी अभी भी फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के चर्चित होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को पहली सफलता मिली है। घटना के 18 दिन बाद कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों शिवम दुबे और रहमान अली उर्फ गोल्डेन को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों को चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 29 मई की रात हुए होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सीधे तौर पर शामिल थे। पुलिस तकनीकी और सर्विलांस टीम की मदद से लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पूछताछ में कई अहम सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह विनीत राय हत्याकांड में पहली गिरफ्तारी है। हालांकि मामले के कई बड़े आरोपी अभी भी फरार हैं। इनमें 1 लाख रुपये के इनामी शंकर पांडे, आलोक दुबे और सोनू यादव शामिल हैं। इससे पहले, 4 जून की रात पुलिस मुठभेड़ में इस हत्याकांड से जुड़ा 1 लाख का इनामी कमलेश बिंद मारा गया था।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।