गाजीपुर में पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला, 7 घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर कोतवाली थाना क्षेत्र के करवनिया डेरा (सेवराई) में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे, लोहे के रॉड, फावड़े और धारदार हथियारों से वार किया, जिससे एक ही परिवार की महिलाओं सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दस लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 1 जून की सुबह करीब सात बजे हुई। करवनिया डेरा सेवराई निवासी महेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पड़ोसी सुधाकर बिंदू, रोहित बिंदू, सुखदेव बिंद, कन्हैया बिंद, शिव बिंद, सत्यम बिंद, सुरेंद्र बिंद, दाऊ बिंद, उमेश और चंद्रिका पुरानी रंजिश के चलते रमेश प्रसाद के घर में घुस आए। वे फावड़ा, रॉड और धारदार हथियारों से लैस थे।
हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर एक राय होकर हमला कर दिया। इस हमले में मिलन, अंकित, रंभा देवी, दिनेश कुमार, रिंकी देवी, सुगंधी देवी और संगीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। ग्रामीणों के बढ़ते दबाव को देखकर सभी हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर गाजीपुर रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
