गाजीपुर जिले की बिरनो थाना पुलिस ने 5 करोड़ रुपए की हेरोइन पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले की बिरनो थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 700 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये है। यह गिरफ्तारी सोमवार को वाराणसी-गोरखपुर फोर लेन पर गन्नापुर प्राथमिक विद्यालय के पास हुई।
थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गन्नापुर प्राइमरी पाठशाला के पास एक मोटरसाइकिल पर दो युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ खड़े हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी करने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 700 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंद्रजीत विश्वकर्मा (निवासी अरशदपुर, थाना जंगीपुर) और अरशद जमाल उर्फ मेराज (निवासी जंगीपुर नगर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की रात भी बिरनो थाना क्षेत्र के मीरपुर पुलिया के पास पुलिस ने छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी, जिसकी कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई गई थी। उस मामले में किशन विश्वकर्मा, शुभम कुमार ठठेरा, मंजीत यादव, रविकांत कुमार, अमन यादव उर्फ मलाई और मनीष कुमार छोटू को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से मादक पदार्थ तस्करों पर शिकंजा कसा है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
