Today Breaking News

गाजीपुर में सिगरेट को लेकर मारपीट, 5 घायल, जांच में जुटी पुलिस

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. देवकली ब्लॉक के भितरी बड़ेपुर गांव में बीती रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक महिला सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि यह विवाद एक किराना दुकान पर सिगरेट नहीं मिलने को लेकर शुरू हुआ। सिगरेट न होने पर मना करने पर एक पक्ष नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

मारपीट में रियाजुद्दीन पुत्र मोहम्मद शाहिद, फारूक शाह पुत्र जमालुद्दीन, रजिया पत्नी जमालुद्दीन, काजू शाह और कमालुद्दीन घायल हुए हैं।

पीड़ित पक्ष ने सैदपुर थाने में तहरीर दी है। तहरीर में रवि पुत्र रामजन्म, छोटू पुत्र मनोज , जुगनू पुत्र जगतराम और वीरेंद्र पुत्र अशोकराम पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि जुगनू के पास कट्टा था और वह उससे धमका कर रहा था।

हालांकि, दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। सैदपुर थाना अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।