गाजीपुर पुलिस ने 2 लाख रुपए और 1 लाख के जेवर समेत चोरों को दबोचा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस ने चोरी के आभूषण और नकदी के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कुल 2 लाख 7 हजार 120 रुपए नकद और लगभग 1 लाख 45 हजार रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा के मार्गदर्शन में, थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में एक टीम ने 1 जून 2026 को पिपरही मोड़ के पास से मुखबिर की सूचना पर इन आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवाँ गांव निवासी आशीष कुमार (19) शामिल है। उसके पास से 500 रुपए के 110 नोट, 200 रुपए का एक नोट और 10 रुपए का एक नोट सहित कुल 55,210 रुपए नकद बरामद हुए। साथ ही, उसकी बाईं जेब से पीली धातु के दो लॉकेट भी मिले। यह बरामदगी थाना स्थानीय के मु0अ0सं0 341/2025 धारा 331(4), 305(a), 317(2) बीएनएस से संबंधित है।
दूसरा आरोपी नंदगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर कठही गांव का अमन कुमार बिंद (22) है। उसके पास से पीली धातु के कान के टप्स की एक जोड़ी, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और बाईं जेब से 500 रुपए के 153 नोट, 200 रुपए का एक नोट और 50 रुपए का एक नोट सहित कुल 76,760 रुपए बरामद हुए।
तीसरा आरोपी नंदगंज थाना क्षेत्र के किशोहरी गांव का गोलू बिंद (19) है। उसके पास से सफेद धातु की तीन जोड़ी पायल, सफेद धातु के चार सिक्के और बाईं जेब से 500 रुपए के 150 नोट, 100 रुपए का एक नोट और 50 रुपए का एक नोट सहित कुल 75,150 रुपए बरामद हुए। यह बरामदगी मु0अ0सं0 129/2026 धारा 331(4), 305(a), 317(2) बीएनएस से संबंधित है।
तीनों अभियुक्तों से कुल 2,07,120 रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1,45,000 रुपए है। थाना अध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बतायातीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्यवाही पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
