गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे एक्जिट पॉइंट से पकड़ा गया लूट का आरोपी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में पुलिस ने लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भांवरकोल पुलिस ने सोमवार सुबह शेरपुर खुर्द निवासी आयुष राय को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे एक्जिट पॉइंट कुंडेसर से पकड़ा।
यह गिरफ्तारी शेरपुर खुर्द निवासी अनिल पांडेय की शिकायत पर हुई है। पांडेय ने फरवरी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि यजमानी कराकर घर लौटते समय एक युवक ने उनसे गाली-गलौज की और उनका मोबाइल व नकदी छीन ली थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई थी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना की पुष्टि होने के बाद चौकी प्रभारी शेरपुर अनोज सिंह अपनी टीम के साथ पूर्वांचल एक्जिट पॉइंट कुंडेसर पहुंचे।
वहां खड़े आयुष राय से पूछताछ के बाद उसे मुकदमे में वांछित होने के कारण गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आयुष राय के पास से एक वीवो मोबाइल और 1110 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आयुष राय के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
