Today Breaking News

गाजीपुर में कुत्ते को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, 7 घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सेवराई गांव स्थित करवनिया का डेरा में सोमवार को कुत्ते को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष के सात लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दूसरे पक्ष के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़िता रंभा देवी पत्नी रमेश प्रसाद ने बताया कि सोमवार सुबह उनका पुत्र मिलन कुमार बिंद लाइब्रेरी पढ़ने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पड़ोसी रोहित बिंद और उसके साथियों ने लाठी-डंडों और लोहे की चेन से उस पर हमला कर दिया।

मिलन के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में रंभा देवी, रिंकी देवी, संगीता देवी, सुगवन्ती देवी, मिलन कुमार, अंकित कुमार और दिनेश कुमार घायल हुए। चिकित्सकों ने मिलन कुमार, रंभा देवी और अंकित कुमार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल पक्ष के परिजनों का आरोप है कि रोहित बिंद का पाला हुआ कुत्ता अक्सर ग्रामीणों पर हमला करता है, जिससे क्षेत्र में डर का माहौल बना रहता है। इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें और कहासुनी हो चुकी थी।

परिजनों का यह भी आरोप है कि पुरानी रंजिश और कुत्ते के विवाद को लेकर ही दूसरे पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर उनके पूरे परिवार पर हमला किया। गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों का उपचार जारी है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।