गाजीपुर में प्रतिदिन 700 एक्स-रे से टीबी मरीजों की पहचान, अभियान जारी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसी कड़ी में राइफल क्लब गाजीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में 50 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्साधिकारी और जिला क्षय रोग विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान कर उनके उपचार को अधिक प्रभावी बनाना है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि जनपद में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मेडिकल मोबाइल वैन और हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों की मदद से गांव-गांव जाकर मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है, ताकि संभावित रोगियों की जल्द पहचान हो सके।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में प्रतिदिन 600 से 700 चेस्ट एक्स-रे किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, रोजाना 20 हजार बलगम जांच का लक्ष्य रखा गया है, जिससे टीबी के मामलों का समय पर पता लगाया जा सके।डीएम ने आगे बताया कि गाजीपुर के सभी ब्लॉकों में जांच सुविधाएं मजबूत की गई हैं।
जिले में 19 ट्रू-नैट और 2 सीबी-नैट मशीनें उपलब्ध हैं, जो टीबी की तेज और सटीक जांच में सहायक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर महीने की 15 तारीख को टीबी मरीजों को पोषण पोटली दी जाएगी। साथ ही, लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लेने और उनके पोषण व उपचार में सहयोग करने की अपील की गई है।
