गाजीपुर में दो ट्रेलरों की भिड़ंत, चालक की केबिन में फंसकर मौके पर मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में नंदगंज के रेवसा स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को ट्रेलरों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक चालक की पहचान मुकेश कोल (40) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के रीवा जिले के हनुमाना थाना क्षेत्र के भंवराहा गांव का निवासी था। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनियंत्रित ट्रेलर के चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
नंदगंज पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को केबिन से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
