Today Breaking News

गाजीपुर में हाईवे पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सैदपुर थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव के पास हाईवे पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने नसीरपुर निवासी राजेश कुमार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राजेश कुमार वहीं पर पंचर की दुकान चलाते थे।
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलने पर सैदपुर पुलिस इंस्पेक्टर राहुल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने मृतक की पत्नी हीरावती को सांत्वना दी और घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अज्ञात वाहन का पता लगाकर कार्रवाई करने और सरकारी योजना के तहत आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने लगभग 20 मिनट बाद हाईवे से जाम हटा लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और घटनास्थल के आगे-पीछे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतक राजेश कुमार अपने पीछे पत्नी सहित एक विवाहित पुत्री छोड़ गए हैं।