Today Breaking News

गाजीपुर में डीएम एसपी ने लिया मुहर्रम जुलूस की तैयारियों का जायजा, पैदल गश्त कर दिए आवश्यक निर्देश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज रजा ने मुहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को सादात थाने का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय ताजियादारों और गणमान्य नागरिकों के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक में ताजियादारों ने जुलूस मार्ग से संबंधित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। उन्होंने बाजार में कुछ स्थानों पर टेढ़े बिजली के खंभों और जुलूस मार्ग की सड़कों की मरम्मत की सख्त जरूरत बताया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिशासी अधिकारी (ईओ) सोनल जैन को इन समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश दिया।

पिछले दो वर्षों के दौरान मुहर्रम जुलूस में हुई पत्थरबाजी की शिकायतों को लेकर इस बार प्रशासन बेहद सख्त है।डीएम और एसपी ने सैदपुर के सीओ रामकृष्ण तिवारी और जखनियां एसडीएम अतुल कुमार को सख्त निर्देश दिया कि वे स्थानीय पुलिस बल की मदद से ऐसे स्थानों को चिन्हित करें जहां ईंट-पत्थर के ढेर लगे हैं। साथ ही छतों पर भी निगरानी रखें। जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरा से निगरानी करने के साथ ही लोगों के छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।

इसके साथ ही, क्षेत्र के अराजक और उपद्रवी तत्वों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया है।

बैठक के बाद, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सादात थाना प्रभारी पन्नेलाल यादव और भारी पुलिस बल के साथ जुलूस के पूरे पारंपरिक मार्ग का पैदल गश्त किया। अधिकारियों ने संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल को मुस्तैद रहने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।