Today Breaking News

गाजीपुर की प्रज्ञा सिंह बनीं बिहार में असिस्टेंट रजिस्ट्रार, बीपीएससी परीक्षा में पाई सफलता

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात ब्लॉक स्थित मिर्जापुर गांव की निवासी प्रज्ञा सिंह ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्हें असिस्टेंट रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसाइटी (सहायक निबंधक, सहयोग समितियां) के पद पर चयनित किया गया है।
यह खबर सामने आते ही प्रज्ञा के परिजनों, शुभचिंतकों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बेटी की इस उपलब्धि पर पिता अजय सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

पेशे से किसान अजय सिंह ने कहा कि प्रज्ञा ने अपनी कड़ी मेहनत से न सिर्फ परिवार का, बल्कि पूरे सादात क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रिश्तेदारों और ग्रामीणों का भी प्रज्ञा के घर बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है।

अपनी इस बड़ी कामयाबी पर प्रज्ञा सिंह ने बताया कि इस मुकाम तक पहुँचने का पूरा श्रेय उनके दादा सभाजीत सिंह (सेवानिवृत्त फॉरेस्ट रेंजर), पिता अजय सिंह और माता स्व. प्रतिभा सिंह के त्याग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को जाता है। उन्होंने हमेशा पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और सकारात्मक माहौल दिया।

प्रज्ञा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा वाराणसी के डिवाइन सैनिक स्कूल से पूरी की है। वह वर्तमान में यूपी कॉलेज वाराणसी से राजनीति शास्त्र में पीएचडी कर रही हैं। उनके बड़े भाई किशन सिंह बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।