Today Breaking News

गाजीपुर में तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराई, कार क्षतिग्रस्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भदौरा-दिलदारनगर मार्ग पर महना गांव मोड़ के पास रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार चालक राहुल सिंह यादव बाल-बाल बच गए, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गाजीपुर के रेवतीपुर निवासी राहुल सिंह यादव कामाख्या मंदिर से रक्सहां गांव जा रहे थे। महना-उसिया गांव के मोड़ के पास अचानक कार का चक्का जाम हो गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को कार से बाहर निकाला। सौभाग्य से राहुल सिंह को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

स्थानीय लोगों, जिनमें अहमद शमशाद, जमशेद खान, रोशन, प्रदीप और इरफ़ान खान शामिल हैं, ने बताया कि इस सड़क पर तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन द्वारा गति नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

हाल ही में, एक तेज रफ्तार ट्रक ने पान की गुमटी को टक्कर मार दी थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और छह लोग घायल हुए थे। एक अन्य घटना में, एक ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया था, जिससे युवक की मौत हो गई थी।