Today Breaking News

गाजीपुर में सघन चेकिंग अभियान में 135 वाहनों का चालान, 3.42 लाख जुर्माना वसूला

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के बिरनो टोल प्लाजा पर रविवार को यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान कुल 135 वाहनों का चालान किया गया और 3 लाख 42 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित किया गया। डॉ. ईराज राजा के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, प्रभारी यातायात और बिरनो थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

अभियान के लिए कुल 8 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने मुख्य रूप से ड्रंकन ड्राइव, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और एचएसआरपी नंबर प्लेट से संबंधित उल्लंघनों पर ध्यान केंद्रित किया। चेकिंग के दौरान एक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त, 9 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल और 65 वाहनों पर नंबर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन के लिए चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।