गाजीपुर में लापता किशोरी मैरेज हॉल से मिली, परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के एक गांव से लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को दिलदारनगर स्थित एक मैरेज हॉल से बरामद किया गया है। किशोरी के परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाया है, जिसके बाद दिलदारनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशोरी के पिता और मां ने बताया कि उनकी बेटी रविवार रात घर की छत से लापता हो गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार को परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बेटी भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के दिलदारनगर स्थित मैरेज हॉल में है। मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने बेटी के अपहरण का आरोप लगाया।
किशोरी ने अपने परिजनों को बताया कि जब वह घर की छत पर थी, तो किसी ने उस पर गमछा फेंक दिया। जब उसकी आंख खुली, तो वह दिलदारनगर में थी।
घटना की जानकारी डायल 112 को दी गई, जिसने दिलदारनगर थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने किशोरी का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। इस संबंध में सीओ जमानियां अनिल कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
