Today Breaking News

गाजीपुर में हत्या के प्रयास में चार आरोपी गिरफ्तार, हथौड़ी और लाठी-डंडे बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हथौड़ी और लाठी-डंडे भी बरामद किए गए। यह कार्रवाई गहमर पट्टी भैरोराय में रविवार को दबिश के दौरान की गई।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि गहमर पट्टी भैरोराय (हनुमान चौतरा) निवासी फुलमनी देवी ने इस संबंध में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 29 मई की रात उनके पड़ोसी विष्णु चौहान, आत्मा चौहान, रतन चौहान और नारायन चौहान ने उनकी बहू निराशा देवी को गाली देना शुरू कर दिया।

जब बहू ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बहू की चीख-पुकार सुनकर उनका पुत्र प्रदीप चौहान मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा।

हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की हथौड़ी से प्रदीप पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रदीप के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया।

हमलावरों ने बहू और पुत्र को जान से मारने की धमकी भी दी थी। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने पुष्टि की कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।