Today Breaking News

गाजीपुर में खाई में पलटा ट्रक, मऊ-गाजीपुर मार्ग पर हादसा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में मऊ-गाजीपुर मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हैदरगंज के पास मऊ से गाजीपुर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खाई में पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यशराज ढाबे के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार ट्रक सड़क की एक लेन से डिवाइडर पर चढ़ा और फिर दूसरी लेन पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि उस समय सड़क पर अन्य वाहन या राहगीर होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राहगीरों और ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और चालकों की लापरवाही के कारण यह मार्ग असुरक्षित होता जा रहा है। बार-बार हादसे होने के बावजूद सुरक्षा मानकों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

मरदह थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक थाने में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।