गाजीपुर में 33 हजार लाइन ब्रेकडाउन, बिजली आपूर्ति ठप
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर और बारा में शुक्रवार सुबह सात बजे 33 हजार केवीए लाइन में ब्रेकडाउन हो गया। इसके कारण गहमर और बारा पावर हाउस से संचालित होने वाले दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को गर्मी और पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ा। घरेलू कार्य भी प्रभावित हुए। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
गहमर उपकेंद्र से गहमर, करहिया, बसूका, नसीरपुर, पथरा, खुदरा, गदाईपुर, शेरपुर, पलिया, ढड़ीयाहर जैसे गांव प्रभावित हुए हैं। वहीं, बारा उपकेंद्र से बारा, रोइनी, भटपुरवा और कुतुबपुर गांवों में भी बिजली नहीं है। पांच घंटे से अधिक समय से इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
गहमर पावर हाउस के एसएसओ कैलाश यादव ने बताया कि 33 हजार लाइन में एक इंसुलेटर पंक्चर हो गया है और तार गिर गया है, जिसके कारण यह ब्रेकडाउन हुआ है।
बारा पावर हाउस के एसएसओ रवि गुप्ता ने जानकारी दी कि विभागीय कर्मचारी फॉल्ट को ठीक करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति सामान्य होते ही सभी प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
