Today Breaking News

गाजीपुर में ओवरलोड ट्रक ने खनन अधिकारी की बोलेरो में मारी टक्कर, पलटा वाहन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना गांव के पास बीती रात खनन विभाग की चेकिंग के दौरान एक ओवरलोड ट्रक ने वाराणसी के खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा की बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पलटकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में खनन अधिकारी को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी के खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा अपनी टीम के साथ बोलेरो वाहन से गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गिट्टी से लदे एक ओवरलोड ट्रक को रोकने का प्रयास किया।

खनन अधिकारी का आरोप है कि ट्रक चालक वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने लगा। टीम ने उसका पीछा किया तो खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना गांव के पास ट्रक चालक ने कथित तौर पर उनके वाहन में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई और डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा को मामूली चोटें आईं, जबकि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और क्षतिग्रस्त बोलेरो को सीधा कराया।

खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा ने गुरुवार को खानपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।