पुणे से लापता 14 वर्षीय किशोरी गाजीपुर से बरामद, आरोपी फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां क्षेत्र स्थित नवली गांव में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता मिली है। पुणे से कथित रूप से अपहृत की गई 14 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। हालांकि, मामले का आरोपी युवक पुलिस की दबिश से पहले ही फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे जनपद स्थित महालुंगे एमआईडीसी थाने में अपहरण का एक मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच के क्रम में महाराष्ट्र पुलिस गाजीपुर पहुंची थी।
पुणे निवासी एक परिवार की 14 वर्षीय पुत्री, जो कक्षा नौ की छात्रा है, 14 जून 2026 को लापता हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि गाजीपुर जिले के नवली गांव निवासी आशुतोष नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। किशोरी के भाई मणिशंकर कोठारी की तहरीर पर महाराष्ट्र में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को किशोरी के गाजीपुर में होने की सूचना मिली। इसके बाद महालुंगे एमआईडीसी थाने के हेड कांस्टेबल संतोष जगरनाथ होल्कर और आरक्षी अजय कुंडकर की टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर के नेतृत्व में थाना पुलिस के सहयोग से नवली गांव में संयुक्त छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से नवली गांव में पूरे दिन हलचल और चर्चा का माहौल बना रहा।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास जारी है।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महाराष्ट्र पुलिस किशोरी को कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से पुणे के लिए रवाना हो गई है।
